बिलासपुर। सरकंडा के लोधिपारा में एग्रीकल्चर कॉलेज के सामने मुख्य मार्ग में मंगलवार सुबह नगर निगम का पानी टैंकर अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसा सुबह करीब 8:30 से 9 बजे के बीच हुआ। टैंकर की चपेट में आने से आसपास खड़े कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए और कुछ वाहन टैंकर के नीचे दब गए। हादसे के दौरान मौके पर मौजूद कई लोग भी इसकी चपेट में आने से बाल-बाल बच गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टैंकर काफी तेज रफ्तार में कोनी मार्ग से गुजर रहा था। इसी दौरान अचानक वाहन अनियंत्रित हुआ और सड़क पर पलट गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोगों में दहशत का माहौल बन गया। गनीमत रही कि इस दुर्घटना में किसी व्यक्ति की जान नहीं गई। हालांकि, जिस तरह से टैंकर पलटा और आसपास के वाहन इसकी चपेट में आए, उससे बड़ा हादसा होने की आशंका बनी रही।
घटना की सूचना मिलते ही संबंधित लोग मौके पर पहुंचे। सबसे हैरानी की बात यह रही कि नगर निगम की गाड़ी में नंबर प्लेट तक भी नहीं लगी थी फिलहाल हादसे के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। टैंकर की रफ्तार, चालक की लापरवाही और वाहन की स्थिति समेत अन्य पहलुओं की जांच के बाद ही दुर्घटना की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।








