बिलासपुर-जिले में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने सीपत पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए कुल आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पहले मामले में मोबाइल टावर से 7 बैटरियां चोरी करने और उन्हें खरीदने के आरोप में छह लोगों को गिरफ्तार किया गया, जबकि दूसरे मामले में खड़े ट्रेलर से डिस्क सहित दो टायर चोरी करने वाले दो आरोपियों को घटना के 24 घंटे के भीतर पकड़ लिया गया। पुलिस ने चोरी की संपत्ति के साथ वारदात में प्रयुक्त ऑटो भी जब्त किया है। बरामद टायरों की कीमत करीब 50 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, नवाडीह के तिवारी चाल स्थित आइडिया कंपनी के मोबाइल टावर के स्टोर रूम का ताला तोड़कर अमर राजा कंपनी की 7 बैटरियां चोरी कर ली गई थीं। शिकायत के बाद जांच में जुटी पुलिस ने पांच संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस का दावा है कि आरोपियों ने चोरी की बैटरियां झलमला निवासी अरमानुद्दीन को बेचने की जानकारी दी, जिसके बाद कथित खरीदार को भी गिरफ्तार कर लिया गया। इस मामले में कुल छह आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
वहीं, दूसरे मामले में ग्राम जांजी निवासी हेमंत यादव का ट्रेलर क्रमांक CG 10 BM 5851 खराब होने के कारण मटेरियल गेट सीपत के पास खड़ा था। 10 अक्टूबर की सुबह ट्रेलर से डिस्क सहित दो टायर गायब मिले। शिकायत पर कार्रवाई करते हुए सीपत पुलिस ने मोहम्मद यासिब अंसारी और मोहम्मद जफर खान को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से दोनों टायर बरामद किए गए। पुलिस ने चोरी में इस्तेमाल ऑटो क्रमांक CG 10 AK 9722 भी जब्त किया है।
यह कार्रवाई पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल तथा नगर पुलिस अधीक्षक तिलेश्वर प्रसाद यादव के निर्देश पर की गई। पुलिस दोनों मामलों में आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई कर रही है।









